करनाल:हरियाणा: 23 अप्रैल (माइंड प्लस ) आतंकियों की कायराना हरकत ने पूरे देश को दुख और गुस्से से भर दिया है। इस समय हर किसी के मन में एक ही बात है कि आखिर कब इसका मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। आतंकी कुछ भी कर लें लेकिन वो हिंदुस्तानियों के इरादों को नहीं तोड़ सकते, इसका एक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की पत्नी उनके ताबूत के सामने पहुंची और बोलीं, हमें आप पर हमेशा गर्व रहेगा, 'जय हिंद'।
कश्मीर के पहलगाम के आतंकी हमले में गोली लगने से करनाल के नौसेना के लेफ्टिनेंट विनय नरवाल की मौत हो गई है। बुधवार को विनय की पत्नी हिमांशी ने अपने पति को भावभीनी विदाई दी। विनय के पार्थिव शरीर से लिपटकर हिमांशी बार-बार रोए जा रही थीं। उनका विलाप देखकर परिजन भी अपने आंसू रोक नहीं पाए। परिवार के अनुसार, शादी के बाद विनय और हिमांशी ने हनीमून के लिए यूरोप जाने का मन बनाया था। इसके लिए वे शादी से पहले ही तैयारी कर रहे थे। लेकिन वीजा नहीं मिलने के कारण उनका यह प्लान रद्द हो गया। इसके बाद वे कश्मीर घूमने गए थे।
दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में कायर आतंकियों ने जिन पर्यटकों की जान ली है, उनमें करनाल का लाल लेफ्टिनेंट विनय नरवाल भी शामिल है। नौसेना में लेफ्टिनेंट विनय नरवाल पत्नी हिमांशी के साथ घूमने के लिए गए थे। दोनों की शादी छह दिन पहले 16 अप्रैल को डेस्टीनेशन वेडिंग के रूप में मसूरी में हुई थी। हिमांशी गुरुग्राम की रहने वाली हैं। तीन दिन पहले 19 अप्रैल को ही शादी का रिसेप्शन करनाल में हुआ था।